रेउसा,सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। जिले में अपराध नियंत्रण और वांछितों की धरपकड़ के तहत रेउसा थाना पुलिस ने गंभीर आपराधिक मामले में फरार चल रहे तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त दो लाठियां भी बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी बिसवां हर्षित चौहान के पर्यवेक्षण में रेउसा थानाध्यक्ष हनुमंतलाल तिवारी की टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पल्लू उर्फ रामपाल, बीरेन्द्र कुमार और मुनीम के रूप में हुई है, जो सेमराकला मजरा स्थित बदलीपुरवा के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, इन तीनों के खिलाफ रेउसा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 110 और 352 सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज था। पुलिस टीम ने विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को संबंधित न्यायालय में पेश किया। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक हरिकेश सरोज व मुख्य आरक्षी गामा सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

0 टिप्पणियाँ